स्वच्छ इंदौर वार्ड रैंकिंग 2025-26: वार्ड 13 के पार्षद पराग कौशल ने प्रथम स्थान हासिल किया
इंदौर। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार आयोजित स्वच्छ इंदौर वार्ड रैंकिंग 2025-26 तथा देपालपुर वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को बुधवार को रविन्द्र नाट्य गृह में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई।
स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि प्रतियोगिता में इंदौर के वार्ड क्रमांक 63 को प्रथम, वार्ड 49 को द्वितीय और वार्ड 44 को तृतीय स्थान मिला। श्रेष्ठ पार्षदों में प्रथम स्थान पर पराग कौशल, द्वितीय राजीव जैन और तृतीय राहुल जायसवाल रहे। वार्ड 59 की पार्षद सुश्री रूपाली पेंढारकर को उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष सम्मान दिया गया।
देपालपुर वार्ड रैंकिंग में आजाद वार्ड क्रमांक 14 प्रथम, फिरोज गांधी वार्ड 12 द्वितीय तथा गणेश वार्ड 4 तृतीय स्थान पर रहे।
पराग जयसिंह कौशल, इंदौर के वार्ड 13 संगम नगर के पार्षद, पिछले कई वर्षों से जनसेवा को अपना प्रमुख ध्येय मानकर काम कर रहे हैं। 1971 में इंदौर में जन्मे पराग जी बचपन से ही सामाजिक परिवेश से जुड़े रहे। उनके परिवार में भी जनसेवा की परंपरा रही है
वे बताते हैं कि उनके दादाजी भी पार्षद थे, और उसी परिवेश ने उन्हें राजनीति की ओर प्रेरित किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद, जिसमें उन्होंने क्रिश्चियन कॉलेज, इंदौर से बी.ए. किया, वे लोगों के बीच सक्रिय रहने लगे और धीरे-धीरे जनसमस्याओं को नज़दीक से समझते हुए उन्होंने 2003 में पहली बार पार्षद का चुनाव लड़ा। जनता ने उनके कार्यों पर विश्वास जताया और 2022 में उन्हें दोबारा चुनकर उनके प्रति अपनी उम्मीदों को आगे बढ़ाया।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 जोन के चयनित सफाई मित्रों एवं ड्रेनेज कर्मचारियों को लंच टिफिन बॉक्स प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही इंदौर और देपालपुर के उत्कृष्ट रहवासी संगठनों, स्कूलों, अस्पतालों, शासकीय कार्यालयों और प्रमुख बाजारों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इंदौर के जिन संस्थानों को सम्मानित किया गया उनमें इंफिनिटी होटल, सेंट रैफल स्कूल, मैदांता हॉस्पिटल, शालीमार टाउनशिप, मैरियट होटल, कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय एवं एनएफसी मार्केट शामिल हैं। वहीं देपालपुर में मोदी मांगलिक भवन, सीएम राइज स्कूल, महावीर हॉस्पिटल, नक्षत्र कॉलोनी, ओंकार होटल, कोर्ट परिसर एवं दीनदयाल चौबे मार्केट के प्रतिनिधियों को सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए “जल रथ” को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता की कार्यप्रणाली और सर्वे की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्वच्छता हमारी परंपरा और संस्कृति से जुड़ी है तथा इंदौर ने स्वच्छता में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में पहली बार डिजिटल तकनीक से सर्वे किया गया। इंटर्नशिप विद मेयर कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने 85 वार्डों में घर-घर जाकर नागरिकों का फीडबैक लिया। 400 अंकों के मूल्यांकन में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, निर्धारित रूट, नागरिक सहभागिता, एनजीओ सहयोग सहित अन्य मापदंड शामिल किए गए।
कार्यक्रम में देपालपुर से अध्यक्ष प्रतिनिधि महेशपुरी गोस्वामी, उपाध्यक्ष गोपाल पटेसरियां, महापौर परिषद सदस्य अश्विन शुक्ल, निरंजन सिंह चौहान, अभिषेक शर्मा, नंदकिशोर पहाड़िया, मनीष शर्मा, राजेश उदावत, सचेतक कमल वाघेला, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, सफाई मित्र, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
