यूक्रेन ने रूस के साथ सभी राजनयिक संबंध तोड़े
नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर युद्ध की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि रूसी और यूक्रेनी बलों के बीच संघर्ष अपरिहार्य है। पुतिन ने यूक्रेन की सेना से अपने हथियार डालने और घर जाने के लिए कहा है। पुतिन ने ‘यूक्रेन के विसैन्यीकरण और विमुद्रीकरण के उद्देश्य से विशेष सैन्य अभियान’ की घोषणा की है। यूक्रेन में राजधानी राजधानी कीव सहित अन्य शहरों में हमले शुरू हो गए हैं। साथ ही रूसी विमान भी यूक्रेन के ऊपर मंडरा रहे हैं।
इस बीच, रूसी सेना ने यूक्रेन के कई शहरों में मिसाइलें दागीं हैं। हमले के बाद यूक्रेन ने रूस के साथ सभी राजनयिक संबंधों को तोड़ने की घोषणा की। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के साथ राजनयिक संबंध तोड़ने का ऐलान किया।
उधर अपने अभियान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज करते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे। कीव (यूक्रेन की राजधानी), खार्कीव, ओडेसा और यूक्रेन के अन्य शहरों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। यूक्रेन के सीमा रक्षकों द्वारा इस संबंध में तस्वीरें एवं वीडियो जारी किए गए और कहा गया कि रूसी सैन्य वाहन क्रीमिया से यूक्रेन में दाखिल हुए।
