मोरबी पुल हादसा: भाजपा सांसद के परिवार के 12 सदस्यों की मौत, मृतकों में 5 बच्चे भी शामिल
नई दिल्ली। गुजरात के मोरबी में हुए केबल ब्रिज हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक इस हादसे में 142 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। माना जा रहा है मृतकों की संख्या में और इजाफा देखने को मिल सकता है। घटना के बाद से ही बचाव कार्य जारी है।
मृतकों में राजकोट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मोहनभाई कुंदरिया के परिवार के बारह सदस्य भी शामिल हैं। बीजेपी सांसद के निजी सहायक ने बताया कि मोरबी पुल गिरने की घटना में कुंदरिया की बहन के परिवार के 12 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पांच बच्चे भी शामिल हैं।
कुंदरिया ने दुर्घटना के बाद खुद मोरबी में घटनास्थल का दौरा किया और बचाव अभियान का जायजा लिया। पानी को बाहर निकालने के लिए मशीनों का सहारा लिया जा रहा है ताकि नदी के नीचे शवों का पता लगाया जा सके। कुंदरिया ने कहा कि उनका मानना है कि पुल पर क्षमता से अधिक लोग पहुंच गए थे। इसकी वजह से ये घटना हुई।
वहीं, गुजरात पुलिस ने मोरबी पुल हादसे के बारे में अपनी प्राथमिकी में कहा है कि माछू नदी पर बना मोरबी केबल पुल मरम्मत कार्य व रखरखाव में कमी, कुप्रबंधन या किसी अन्य तकनीकी कारणों से ढह गया। रविवार शाम पुल ढहने से 141 लोगों की मौत हो गई थी। प्राथमिकी में पुलिस ने पुल की मरम्मत करने वाली एजेंसी, उसके प्रबंधन और जांच के दौरान जिनके नाम का खुलासा हुआ है, उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की है।
