ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने साबरमती आश्रम का किया दौरा, चलाया चरखा
अहमदाबाद। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन गुरूवार की सुबह दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे। भारत दौरे की शुरुआत जॉनसन ने गुजरात से की, जहां उन्होंने साबरमती आश्रम पहुंचकर बापू के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने चरखा चलाकर सूत काता।
यहां की विजिटर बुक में उन्होंने लिखा- यह समझने के लिए कि कैसे गांधीजी ने सच्चाई और अहिंसा के ऐसे सरल सिद्धांतों के जरिए दुनिया को बेहतर बनाने और बदलने के लिए प्रेरित किया। इस असाधारण व्यक्ति के आश्रम में आना एक बहुत बड़ा सौभाग्य है।
जॉनसन के अहमदाबाद पहुंचने पर हवाई अड्डे से शहर के एक होटल तक चार किलोमीटर के रास्ते में भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री भी मौजूद रहे।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री के स्वागत में पारंपरिक गुजराती नृत्य और संगीत का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उनका काफिला होटल की ओर बढ़ता रहा। एयरपोर्ट सर्किल से पांच सितारा होटल तक चार किलोमीटर की दूरी के बीच नियमित अंतराल पर 40 प्लेटफॉर्म बनाए गए थे, जहां कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
सूत्रों ने बताया कि ब्रिटिश पीएम गुजरात में एक दिन प्रवास करेंगे। इस दौरान वह राज्य के प्रमुख कारोबारी नेताओं के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद वह पंचमहल जिले के हलोल के पास एक ब्रिटिश निर्माण उपकरण फर्म के लिए रवाना होंगे। गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री गांधीनगर में निर्माणाधीन गुजरात जैव प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर का भी दौरा करेंगे।
