Mar 12 2026 / 6:17 PM

राजस्थान के बाड़मेर में मिग-21 क्रैश, दो पायलटों की मौत

नई दिल्ली। राजस्थान में बाड़मेर के भीमड़ा गांव में एक घटना सामने आई है। गुरुवार रात 9 बजकर 10 मिनट पर वायु सेना का एक फाइटर जेट मिग-21 बायसन क्रैश हो गया। यह धमाका इतना तीव्र था कि आसपास के 8-10 किमी तक ध्वनि सुनाई दी। आधे किमी तक फैले मलबे में चारों तरफ आग ही आग थी।

विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई है। देर रात एयरफोर्स ने घटनास्थल के आसपास के करीब आधा किलोमीटर इलाके को कब्जे में कर लिया। एयरफोर्स बिखरे हुए मलबे को इकट्‌ठा करने और मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। घटना की जानकारी मिलते ही 100 से ज्यादा जवान और एयरफोर्स अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

इस हादसे के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें घटना के बाद घटनास्थल पर विमान के मलबे में आग लगी हुई है। विमान के बॉडी पाट्‌र्स बिखरे पड़े हैं। पास ही एक मोबाइल भी टूटकर गिरा हुआ है। विमान जहां गिरा वहां 15 फीट के दायरे में बड़ा गड्‌ढा हो गया है। 9 साल में बाड़मेर में सैन्य विमान हादसे का यह आठवां मामला है।

Chhattisgarh