Mar 13 2026 / 5:32 PM

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में बीजेपी की हार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। लोगों के विकास के लिए काम करना कभी बंद नहीं करेंगे। हमें चीजों का विश्लेषण करने की जरूरत है। कुछ मुद्दे ऐसे थे जिन्होंने नतीजों की दिशा बदल दी। अगर वे हमें बुलाएंगे तो मैं दिल्ली जाऊंगा।

जयराम ने पार्टी पर लग रहे खरीद-फरोख्त के दाग को महज एक अफवाह बताते हुए कहा कि वह जनादेश का सम्मान करते हैं और वह और उनकी पार्टी यह कभी नहीं चाहेगी कि जनता के आदेश का अपमान हो। ठाकुर रिकॉर्ड अंतर से लगातार छठी बार अपनी सिराज विधानसभा सीट अपने नाम बरकरार रखी है।

जब उनसे यह पूछा गया कि क्या भाजपा कांग्रेस के विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सकती है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने विधायकों को एक साथ रखना चाहिए। विपक्षी कांग्रेस 16 सीटों पर जीत हासिल कर सत्तारूढ़ भाजपा से आगे निकल गई और हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से 23 पर आगे चल रही है। जबकि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने 13 सीटों पर जीत हासिल की है। तीन निर्दलीयों ने भी सीटें जीतीं हैं।

कांग्रेस के नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। विक्रमादित्य सिंह अपनी शिमला (ग्रामीण) सीट को बरकरार रखने में इस बार भी कामयाब रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री पद की दावेदारों में से एक हैं। हालांकि, राज्य पार्टी प्रमुख प्रतिभा सिंह ने चुनाव नहीं लड़ा है। प्रतिभा सिंह ने मीडिया से कहा, लोगों ने हमें जनादेश दिया है। हम चंडीगढ़ या राज्य में कहीं भी अपने विधायकों से मिल सकते हैं। जो जीते हैं वे हमारे साथ रहेंगे और हम सरकार बनाएंगे।

Chhattisgarh