Mar 13 2026 / 5:32 PM

देशभर में कोरोना के 152 नए केस, लगातार तीसरे दिन कोई मौत नहीं

नई दिल्ली। भारत मे कोरोना का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 152 नए एक्टिव केस सामने आए। राहत की बात ये है कि इस दौरान किसी भी जान नहीं गई है। इससे पहले मंगलवार को भी देश में कोरोना संक्रमण के 114 नए मामले सामने आए थे। जबकि इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से किसी मौत की कोई खबर नहीं रिपोर्ट हुई थी। कल के मुकाबले आज नए संक्रमित मरीजों की दैनिक संख्या में 38 की वृद्धि दर्ज की गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 152 नए केस सामने आए। जबकि पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का एक भी मामला नहीं आया है। यह लगातार तीसरा दिन है जब देश में कोरोना संक्रमण से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है। इस दौरान 151 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण को मात देने में कामयाब रहे। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की 3 हजार 846 रह गई है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 1 की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 75 हजार 247 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर कुल 4 करोड़ 41 लाख 40 हजार 743 पहुंच गई है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 30 हजार 658 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। देश में अब रिकवरी रेट बढ़कर 98.80 फीसदी पहुंच गया है। वहीं सक्रिय मामलों में कुल संक्रमण का 0.01 प्रतिशत शामिल है। जबकि मृत्यु दर 1.19 फीसदी पर बरकरार है। मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक करीब कोविड-19 रोधी टीकों की 220 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।

Chhattisgarh