देशभर में कोरोना के 226 नए केस, 3 लोगों की मौत
नई दिल्ली। भारत मे कोरोना का उतार-चढ़ाव लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 226 नए एक्टिव केस सामने आए। जबकि कोरोना संक्रमण की वजह से 3 लोगों की मौत की खबर है।
24 घंटे में कोरोना वायरस के 226 नए मामले आए, जिससे देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 4,46,78,384 हो गई। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3,653 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए अपडेटेड आंकड़ों के अनुसार, केरल से तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,30,702 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दैनिक संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.15 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1,87,983 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, एक्टिव मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.01 प्रतिशत है, जबकि मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.80 प्रतिशत हो गई है।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में एक्टिव मरीजों की संख्या में 44 की वृद्धि हुई है। संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,44,029 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 220.10 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।
