दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान महबूबा मुफ्ती को पुलिस ने हिरासत में लिया
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती को जम्मू-कश्मीर में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के विरोध में बुधवार को संसद तक मार्च निकालने से रोक दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महबूबा की रेलवे भवन से संसद तक मार्च करने की योजना थी।
वह जम्मू-कश्मीर प्रशासन की बुलडोजर नीति के बारे में विपक्षी दलों को सूचित करना चाह रही थी। दिल्ली पुलिस ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें जंतर-मंतर ले जाया गया।
महबूबा ने कहा कि हम विपक्षी दलों और केंद्र सरकार को जम्मू और कश्मीर में बड़े पैमाने पर जनता के साथ हो रहे परेशानियों को बताने के लिए आए थे। महबूबा ने कहा, अगर हम संसद नहीं जा सकते हैं, तो मुझे आश्चर्य है कि हमें कहां जाना चाहिए। क्या सरकार चाहती है कि हम संयुक्त राष्ट्र में अपनी शिकायतों का निवारण करवाएं।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कानून का कोई राज नहीं है और हम अपने दिल की बात कहने के लिए दिल्ली आए थे। यहां ऐसा लगता है कि आम जनता की आवाज दबा दी गई है।
