बीबीसी दफ्तर में छापेमारी पर बोले जयराम रमेश- विनाशकाले विपरीत बुद्धि
नई दिल्ली। पीएम मोदी और गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री बनाकर सुर्खियों में आए बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। जांच एजेंसी कार्रवाई कर रही है। अकाउंट विभाग के सभी कागजात खंगाले जा रहे हैं। 18 से 20 आईटी कर्मचारी बीबीसी कार्यालय का सर्वे कर रहे हैं।
वहीं बीबीसी के दफ्तरों में छापेमारी को लेकर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। जयराम रमेश ने कहा है कि हम यहां अडानी के मामले में जेपीसी की मांग कर रहे हैं और वहां सरकार सरकार बीबीसी के पीछे पड़ी हुई है। विनाशकाले विपरीत बुद्धि। बता दें कि इससे पहले मंगलवार को जयराम रमेश ने कहा था कि केंद्र सरकार अडानी-हिंडनबर्ग मामले में जेपीसी जांच से भाग रही है।
आयकर विभाग ने दिल्ली के बाद बीबीसी के मुंबई दफ्तर में भी छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी को लेकर ये छापेमारी हुई है। हालांकि अभी तक आयकर विभाग या बीबीसी की तरफ से इस रेड को लेकर कोई बयान नहीं सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, आईटी की 60 से 70 लोगों की टीम छापे में शामिल है। बताया जा रहा है कि एक्शन के दौरान कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। इसके साथ ही दफ्तर में किसी के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
