Mar 14 2026 / 4:41 PM

देशभर में कोरोना के 3016 नए केस, 14 लोगों की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 3016 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 14 लोगों की मौत की खबर है। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में तीन, दिल्ली मे 2 और हिमाचल प्रदेश एक व्यक्ति कि कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हुई है। जबकि केरल में कोरोना के कारण मौत के आंकड़े में 8 की बढ़ोतरी हुई है।

इससे पहले पिछले दिन बुधवार को देश में कोरोना के 2151 नए मामले आए थे, जबकि इस दौरान 7 लोगों की मौत हुई थी। यानी कल के मुकाबले आज देश में कोरोना के 1606 ज्यादा नए केस सामने आए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 3016 नए केस सामने आए। वहीं इस दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण को 1396 लोग मात देने में कामयाब रहे, यानी स्वस्थ्य हुए। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या उछलकर 13,509 हो गई है।

इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 47 लाख 12 हजार 692 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 4 करोड़ 41 लाख 68 हजार 321 हो गया है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 30 हजार 862 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं।

मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक करीब कोविड-19 रोधी टीकों की 220.65 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।

Chhattisgarh