Mar 14 2026 / 6:19 PM

महाराष्ट्र: रामनवमी पर संभाजीनगर में भड़की हिंसा, पथराव के साथ हुई बमबाजी

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के दो जिलों में रामनवमी से पहले हिंसा भड़क उठी। जहां छत्रपति संभाजीनगर इलाके में रामनवमी से पहले दो पक्षों में झड़प हुई है। वहीं, जलगांव में एक मस्जिद में नमाज के दौरान गाना बजाने को लेकर दो समूह आपस में भिड़ गए। दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए भारी संख्या में बल तैनात कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक संभाजीनगर के किराडपुरा में स्थित राम मंदिर के बाहर रात करीब 12:30 बजे दो नौजवानों के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई, इसके बाद वहां बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हो गए और फिर पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी, जिसमें पुलिस के वाहन भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने बमबाजी भी की है।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हिंसा को शांत कराने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया। फिलहाल पूरे शहर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त है। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।

हिंसा की घटना के बाद किराडपुरा में आगजनी वाली जगह पर कुछ मुस्लिम धर्मगुरु पहुंचे और उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान स्थानीय सांसद इम्तियाज जलील भी किराडपुरा के राम मंदिर पहुंचे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में कोई मामला नहीं हुआ है, जो भी घटना हुई है वो मंदिर परिसर के बाहर हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि दो नौजवानों की बीच की अनबन बड़ी झगड़े में तब्दील हो गई, फिलहाल इलाके में शांति है।

वहीं जलगांव में एक मस्जिद के बाहर नमाज के दौरान तेज आवाज में गाना बजाने के लिए दो समूहों में झड़प हो गई। इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, 45 लोगों को गिरप्तार किया गया है। हिंसा में चार लोगों के घायल होने की खबर है। हालांकि, मौजूदा स्थिति काबू में है और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली है।

Chhattisgarh