Mar 14 2026 / 6:20 PM

देशभर में कोरोना के 2,994 नए केस, 9 लोगों की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 2,994 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 9 लोगों की मौत की खबर है। बीते 24 घंटे में दिल्ली, कर्नाटक और पंजाब में दो-दो मरीजों की, जबकि गुजरात में एक मरीज कि कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हुई है। इसके अलावा, केरल द्वारा कोविड-19 से जान गंवाने वाले मरीजों के आंकड़ों का पुनर्मिलान करने के बाद मृतकों की सूची में दो और मामले जोड़े गए हैं।

इससे पहले पिछले दिन शुक्रवार को देश में कोरोना के 3095 नए मामले आए थे, जबकि 5 लोगों की मौत की खबर आई थी। यानी कल के मुकाबले आज देश में कोरोना के 101 कम नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है। वहीं, कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.77 प्रतिशत दर्ज की गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 2.09 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 2.03 प्रतिशत दर्ज की गई है। वहीं, कोविड-19 से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,41,71,551 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं।

Chhattisgarh