पीएम मोदी से मिले भूटान नरेश, अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक इस समय भारत के दौरे पर हैं। जहां मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान के नरेश से दिल्ली में मुलाकात की। ये मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर हुई है। इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई।
बता दें, इससे पहले भूटान नरेश भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी दिल्ली में मुलाकात कर चुके हैं। भूटान नरेश के भारत दौरे को लेकर विदेश मंत्री ने कहा कि इस दौरे से दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे। इसी कड़ी में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान नरेश से मुलाकात की है। पीएम मोदी और भूटान नरेश की इस मुलाकात से पहले राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार आज भूटान के राजा शाम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। ये मुलाकात राष्ट्रपति भवन में ही होगी। दरअसल भूटान नरेश जिग्मे खेसर नाम्गेल वांगचुक इस समय भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को वह भारत पहुंचे थे। जहां भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था।
