देशभर में कोरोना के 6050 नए केस, 14 लोगों की मौत
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 6050 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 14 लोगों की मौत की खबर है। इससे पहले गुरुवार को देश में कोरोना के 5335 नए केस सामने आए थे जबकि 6 लोगों की मौत हुई थी। इस तरह पिछले 24 घंटे में कोरोना के नए मामले में 715 की तेजी दर्ज की गई है जो कल के मुकाबले 13 फीसदी ज्यादा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 6050 नए केस सामने आए। वहीं इस दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण को 2716 लोग मात देने में कामयाब रहे, यानी स्वस्थ्य हुए। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या उछलकर 28,000 के पार पहुंच गई है। आज देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 28,303 हो गई है।
इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 47 लाख 45 हजार 104 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 4 करोड़ 41 लाख 85 हजार 858 हो गया है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 30 हजार 936 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं।
कोरोना वायरस की गंभीरता को इस बात से समक्षा जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद दो बार इस पर अधिकारियों की बैठक बुला चुके हैं। बैठक में प्रधानमंत्री ने कोरोना की वर्तमान स्थिति और व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए थे।
