Mar 14 2026 / 9:31 PM

देशभर में कोरोना के 9111 नए केस, 27 लोगों की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 9111 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 27 लोगों की मौत की खबर है। गुजरात में छह, उत्तर प्रदेश में चार, दिल्ली तथा राजस्थान में तीन-तीन, महाराष्ट्र में दो और बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, केरल तथा तमिलनाडु में एक-एक मरीज की मौत हुई है।

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9111 नए मामले सामने आए। जबकि 6313 लोग स्वस्थ हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़े के अनुसार, देश में कोरोना के अब एक्टिव केस 60,313 हो गए हैं। 27 मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,31,141 हो गई।

आंकड़ों के मुताबिक, भारत में संक्रमण की दैनिक दर 8.40 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 4.94 प्रतिशत है। देश में अभी 60,313 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.13 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.68 फीसदी है। भारत में अभी तक कुल 4,42,35,772 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

Chhattisgarh