दिल्ली में खुला एप्पल का दूसरा रिटेल स्टोर, सीईओ टिम कुक ने किया उद्घाटन
नई दिल्ली। दिल्ली के सेलेक्ट सिटी वाक मॉल साकेत में एप्पल के दूसरे स्टोर की ग्रैंड ओपनिंग हो चुकी है। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने इसकी ग्रैंड ओपनिंग की है। इससे पहले टिम कुक ने भारत के मुंबई में एप्पल के पहले रिटेल स्टोर की ओपनिंग की थी। टिम कुक ने इस दौरान हाथ जोड़कर ग्राहकों का स्वागत किया।
दिल्ली में एप्पल का स्टोर साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में खुला है। ‘एप्पल साकेत’ नाम के इस स्टोर का डिजाइन दिल्ली के पुराने दरवाजों से प्रेरित है। हालांकि आकार में यह मुंबई के स्टोर से छोटा है। मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स कारोबारी जिले के एक मॉल में एप्पल का स्टोर मंगलवार को खुला था।
सूत्रों ने बताया कि एप्पल साकेत स्टोर आकार में मुंबई के स्टोर का आधा है। साकेत स्टोर में कंपनी की रिटेल टीम में 70 से अधिक सदस्य हैं जो देश के 18 राज्यों से हैं और अलग-अलग भाषाएं बोल सकते हैं।
इससे पहले बुधवार को एप्पल के सीईओ टिम कुक दिल्ली की गलियों में घूमे। वह दिल्ली आते ही लोधी रोड आर्ट्स डिस्ट्रक्ट पहुंचे। टिम वहां की आकषर्क दीवारों को देखकर काफी खुश हुए। उन्होंने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसके बारे में ट्वीट करते हुए लिए लिखा कि लोधी आर्ट डिस्ट्रिक्ट एक शानदार पब्लिक प्लेस है। टिम यहां एसटी प्लस आर्ट फाउंडेशन की टीम के साथ पहुंचे थे। बता दें कि इसी फाउंडेशन द्वारा यहां की दीवारों पर चित्रकारी का काम किया गया है।
