देशभर में कोरोना के 12,193 नए केस, 42 लोगों की मौत
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश मे पिछले 24 घंटों के दौरान 12,193 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 42 लोगों की मौत की खबर है। इन मौतों के साथ ही मृतकों की संख्या 5,31,300 हो गई है, जिसमें 10 मौतें केरल में हुई हैं।
देश में कोविड मामलों की संख्या बढ़कर 4,48,81,877 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, सक्रिय मामलों की कुल संख्या कुल केसलोड का केवल 0.15% है, जबकि राष्ट्रीय कोविड रिकवरी दर 98.66% है।
वहीं, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 4,42,83,021 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.18% है। इसके अलावा, वेबसाइट की रिपोर्ट है कि पूरे देश में व्यक्तियों को कोविड-रोधी टीकों की अबतक 220.66 करोड़ खुराक दी गई है।
