Mar 14 2026 / 11:03 PM

देशभर में कोरोना के 9,629 नए केस, 19 लोगों की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। कुछ समय की राहत के बाद एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। ये उछाल डराने वाला है क्योंकि एक दो नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कोराना वायरस के केस बढ़ रहे हैं। कोविड के अलग-अलग वैरिएंट मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। ओमिक्रॉन का XBB.1.16 वैरिएंट की दहशत बढ़ने लगी है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए नए कोरोना रिपोर्ट के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,629 नए एक्टिव केस सामने आए। इस दौरान कोरोना संक्रमण की वजह से 19 लोगों की मौत की खबर है। इनमें 10 वे लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से दम तोड़ने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं।

इससे पहले मंगलवार को देश में कोरोना के 6660 नए केस सामने आए थे जबकि 24 लोगों की मौत हुई थी। इस तरह पिछले 24 घंटे में कोरोना के नए दैनिक मामले में 2969 की तेजी दर्ज की गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 9669 नए केस सामने आए। वहीं इस दौरान देश में 11,967 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण को मात देने में कामयाब रहे, यानी स्वस्थ्य हुए। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 63,380 से घटकर 61,013 रह गई है।

इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 49 लाख 08 हजार 273 हो गई है। जबकि ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा बढ़कर 4 करोड़ 43 लाख 23 हजार 045 हो गया है। वहीं देश में अब तक कुल 5 लाख 31 हजार 398 लोग कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से दम तोड़ चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, डेली पॉजिटिव रेट इस समय 5.38 फीसदी तो वीकली पॉजिटिव रेट 5.61 प्रतिशत है। वहीं सक्रिय मामलों में कुल संक्रमणों का 0.14 प्रतिशत शामिल है। कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। देश में अब रिकवरी रेट बढ़कर 98.67 फीसदी पहुंच गया है। जबकि मृत्यु दर 1.18 फीसदी पर बरकरार है।

Chhattisgarh