Mar 15 2026 / 12:30 AM

ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान में फंसे भारतीयों को वापस लाने का काम जारी, 670 लौटे वतन

नई दिल्ली। सूडान में गृह युद्ध के बीच फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार ऑपरेशन कावेरी चला रही है। ऑपरेशन कावेरी के जरिए हिंसा प्रभावित सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने की प्रक्रिया जारी होने के बावजूद सरकार ने गुरुवार को कहा कि वह स्थिति पर नजर रख रही है।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए, विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा की 15 अप्रैल को संघर्ष शुरू होने के बाद से हम सूडान में लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। हमारा अनुमान है कि सूडान में लगभग 3,500 भारतीय और 1,000 पीआईओ हैं। उन्होंने आगे बताया कि लगभग 670 भारतीय स्वदेश पहुंच गए या रास्ते में हैं। उन्होंने कहा, हमें सूडान से अन्य देशों के नागरिकों को निकालने के अनुरोध प्राप्त हुए हैं। यह प्रक्रियाओं की पूर्ति के अधीन है।

उन्होंने बताया कि सूडान में सुरक्षा संबंधी जमीनी हालात बेहद अस्थिर और परिवर्तनशील बने हुए हैं विदेश सचिव ने कहा- हमारा प्रयास है कि जो भी भारतीय नागरिक युद्ध के क्षेत्र में फंसे हुए हैं, उन्हें शीघ्र वहां से निकालकर एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। जेद्दा में व्यवस्था के संबंध में हमें सऊदी सरकार से उत्कृष्ट सहयोग मिला है।

विदेश सचिव ने बताया कि 25 अप्रैल को आईएनएस सुमेधा से 278 नागरिकों को सूडान से निकाल कर जेद्दा लाया गया। इसी दिन सी130जे विमान की दो उड़ान से क्रमश: 121 और 135 नागरिकों को निकाला गया। उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल को नौसेना के जहाज आईएनएस तेग से 297 नागरिकों को तथा सी130जे विमान से 264 नागरिकों को निकाला गया।

क्वात्रा ने कहा कि अभी 320 भारतीय पोर्ट सूडान पर मौजूद हैं और उन्हें सऊदी अरब के शहर जेद्दा लाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कावेरी में शामिल होने के लिए नौसेना का एक और जहाज आईएनएस तरकश पोर्ट सूडान पहुंच रहा है।

Chhattisgarh