Mar 15 2026 / 8:14 AM

पहलवानों के आरोपों पर बोले बृजभूषण सिंह- एक भी आरोप साबित हुआ तो खुद फांसी लगा लूंगा

नई दिल्ली। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवानों के प्रदर्शन और मेडल को गंगा में बहाए जाने पर पलटवार किया है। भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बाराबंकी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने कहा था कि अगर एक भी आरोप मेरे ऊपर साबित हो जाएगा तो मैं खुद फांसी लगा लूंगा। आज भी मैं उसी बात पर कायम हूं।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि 4 महीने हो गए वो मेरी फांसी चाहते हैं लेकिन सरकार मुझे फांसी नहीं दे रही है तो वो (पहलवान) अपना मेडल लेकर गंगा में बहाने जा रहे हैं। मुझ पर आरोप लगाने वालों गंगा में मेडल बहाने से बृज भूषण को फांसी नहीं मिलेगी। अगर तुम्हारे पास सबूत है तो न्यायलय को दो और न्यायालय मुझे फांसी देगा तो मुझे वो स्वीकार है।

बता दें कि मंगलवार को बृजभूषण सिंह के खिलाफ एक्शन नहीं होने पर पहलवान अपने मेडल हरिद्वार में गंगा में बहाने के लिए पहुंचे थे। लेकिन किसान नेता नरेश टिकैत के समझाने के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और अपने मेडल किसान नेता को सौंप दिए।

बता दें कि पुलिस को बृजभूषण सिंह के खिलाफ पुख्त सबूत नहीं मिले है जिससे उनकी गिरफ्तारी की जा सके। हालांकि जो दस्तावेज मिले है उसकी पुलिस जांच कर रही है। संभव है कि जल्द ही इस मामले इन्वेस्टिगेशन पूरा कर लेगी। अगले 15 दिनों में पुलिस चार्जशीट या फाइनल रिपोर्ट तैयार कर लेगी।

Chhattisgarh