Mar 15 2026 / 9:28 AM

प्रदर्शनकारी पहलवान नौकरी पर लौटे, कहा- हम में से ना कोई पीछे हटा है और ना हटेगा

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगट और बजरंग पुनिया ने अब रेलवे में अपनी नौकरी फिर से ज्वॉइन कर ली है। जानकारी के मुताबिक, पहलवानों ने शनिवार देर शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ निष्पक्ष जांच का अनुरोध किया।

जैसे ही दोनों पहलवानों के नौकरी फिर से ज्वॉइन करने की बात सामने आई तो माना जा रहा था कि इन्होंने खुद को इस प्रदर्शन से अलग कर लिया है लेकिन दोनों पहलवानों ने तुरंत ही ट्वीट कर इस मामले में सफाई दे दी है। उन्होंने कहा कि इंसाफ की लड़ाई में ना हम में से कोई पीछे हटा है, ना हटेगा।

साक्षी मलिक ने अपने ट्वीट में लिखा, ये खबर बिलकुल गलत हैं। इंसाफ की लड़ाई में ना हम में से कोई पीछे हटा है, ना हटेगा। सत्याग्रह के साथ साथ रेलवे में अपनी जिम्मेदारी को साथ निभा रही हूं। इंसाफ मिलने तक हमारी लड़ाई जारी है. कृपया कोई गलत खबर ना चलाई जाए।

इस मामले में साक्षी मलिक के पति और पहलवान सत्यव्रत कादियान का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमारे निर्णय को प्रभावित करने के लिए इस तरह की चीजें चलाई जा रही हैं। हम विरोध से पीछे नहीं हटे हैं। हमारा विरोध जारी रहेगा। हमारे साथ जंतर-मंतर पर जो भी हुआ उसके बाद हम वापस आ गए। हम आंदोलन दोबारा शुरू करेंगे। दिल्ली पुलिस ने जो हमारे साथ किया है, वे पूरे देश ने देखा है, सभी उसके खिलाफ हैं।

बजरंग पुनिया ने भी ट्वीट कर कहा है कि आंदोलन वापस लेने की खबरें कोरी अफवाह हैं। ये खबरें हमें नुकसान पहुंचाने के लिए फैलाई जा रही हैं। हम न पीछे हटे हैं और न ही हमने आंदोलन वापस लिया है। महिला पहलवानों की एफआईआर उठाने की खबर भी झूठी है। इंसाफ मिलने तक लड़ाई जारी रहेगी।

बता दें कि साक्षी मलिक समेत अन्य पहलवानों ने बीते शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सरकारी आवास पर लगभग दो घंटे तक चली बैठक में पहलवानों ने अपना पक्ष रखा था।

बैठक में ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक समेत दूसरे पहलवान और कोच शामिल रहे। बजरंग पूनिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ हमारी चर्चा हुई है। उन्होंने हमारी बातें को गंभीरतापूर्वक लिया है। उम्मीद है कि जल्द ही आंदोलन को लेकर कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।

Chhattisgarh