Nov 11 2025 / 9:11 AM

SCO समिट में बोले पीएम मोदी- आतंकवाद किसी भी रूप में हो, हमें मिलकर लड़ाई लड़नी होगी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक बार फिर से आतंकवाद के मसले पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और चीन को आईना दिखाया है। पीएम मोदी ने आज शंघाई सहयोग संगठन के वर्चुअल शिखर सम्मेलन की मेजबानी की। इस दौरान पीएम मोदी ने दुनियाभर के नेताओं के सामने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर घेरते हुए इस समस्या पर सभी एससीओ देशों से मिलकर लड़ने की अपील की।

पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में हो, हमें उसके खिलाफ मिलकर लड़ाई करनी होगी। कुछ देश आतंकवादियों को पनाह देते हैं। ये क्षेत्रीय शांति के लिए बड़ा खतरा है। आतंकवाद पर दोहरे मापदंड के लिए कोई जगह नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ देश क्रॉस बॉर्डर टेररिज्म को नीतियों में जगह देते हैं। आतंकवादियों को पनाह देते हैं। आतंकवाद क्षेत्र की शांति के लिए खतरा है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज के समय में वैश्विक स्थिति एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर है। विवादों, तनावों और महामारी से घिरे विश्व में फर्टिलाइजर और ईंधन का मुहैया होना भी देशों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। हमें ये फैसला करना होगा कि क्या हम अपने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हैं। क्या SCO ऐसा संगठन है जो आगे के बदलाव के हिसाब से बदल रहा है।

पीएम मोदी ने ईरान के शंघाई सहयोग संगठन में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने ईरान के लोगों को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने ईरान के लोगों को इसके लिए बधाई दी। पीएम ने कहा कि भारत का सिद्धांत पूरा विश्व एक परिवार है। हम शंघाई सहयोग संगठन को भी अपना परिवार मानते हैं।

बता दें कि शंघाई सहयोग संगठन के इस वर्चुअल बैठक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ भी शामिल थे।

Chhattisgarh