ग्रेटर नोएडा में बाबा बागेश्वर के दिव्य दरबार में भगदड़, 10 से अधिक लोग घायल
नई दिल्ली। बाबा बागेश्वर धाम के नाम से प्रसिद्ध पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के ग्रेटर नोएडा में दिव्य दरबार में आज भगदड़ मच गई। बताया गया है कि इस दौरान महिलाओं समेत करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महिला करंट की भी चपेट में आई है।
जानकारी के मुताबिक पंडित धीरेंद्र शास्त्री की श्रीमद भागवत कथा का आयोजन ग्रेटर नोएडा के जैतपुर में 10 जुलाई से 16 जुलाई तक किया जा रहा है। पहले दिन कलश यात्रा के बाद कथा का शुभारंभ हुआ था। तय कार्यक्रम के तहत 12 जुलाई यानी आज दिव्य दरबार का कार्यक्रम था। दोपहर में करीब 12 बजे बाबा धीरेंद्र शास्त्री मंच पर पहुंचे।
अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने सभा का आयोजन किया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि दिव्य दरबार होने के कारण आज लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान अपनी अर्जी लगाने की होड़ में भीड़ बेकाबू हो गई। इसके बाद मची भगदड़ में महिलाओं समेत करीब 10 लोग घायल हो गए हैं। उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
