बिहार: बागमती नदी में 33 बच्चों को ले जा रही नाव पलटी, कई बच्चे लापता
पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा नाव हादसा हुआ है। बागमती नदी में छात्रों से भरी नाव डूब गई। इसमें करीब 30 छात्र सवार थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची। टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से 20 से अधिक बच्चों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया। जबकि 10 अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
दरअसल यह भीषण हादसा गुरुवार को मधुरपट्टी घाट के पास हुआ। नाव में कुल 33 स्कूली बच्चों के सवार होने की बात सामने आ रही है। जैसे ही नाव डूबी, सभी बच्चे पानी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों और नाविक ने करीब 20 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बेनीबाद ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार खुद मामले की छानबीन में जुट गये हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि डीएम को इस मामले को देखने स्तर से जांच करने के लिए कहा गया है। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा सरकार की ओर से दिया जाएगा।
