Nov 11 2025 / 1:56 PM

महिला आरक्षण बिल पर बोलीं सोनिया गांधी- ये मेरे पति राजीव गांधी का सपना था, मैं समर्थन में हूं

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र के तीसरे दिन आज लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चा हो रही है। इस बीच कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी ने चर्चा की शुरूआत की। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं महिला आरक्षण बिल के समर्थन में सदन में खड़ी हूं। उन्होंने कहा कि स्त्री हमारे महान देश की मां है। वो हर मोर्चे पर पुरुष से कंधा से कंधा मिलाकर लड़ी है। स्त्री के धैर्य की पहचान का पता लगाना बहुत मुश्किल है। इसके साथ ही सोनिया ने कहा कि कांग्रेस ने ही महिला आरक्षण बिल को सबसे पहले पारित कराया था।

महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा में कहा कि ये मेरे जीवन का भी एक भावनात्मक क्षण है। पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं का प्रतिनिधित्व तय करने के लिए संवैधानिक संशोधन मेरे पति राजीव गांधी की ओर से लाया गया था।

सोनिया गांधी ने कहा कि बाद में, पीएम पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने इसे राज्यसभा में पारित कर दिया। परिणामस्वरूप, हमारे पास स्थानीय निकायों के माध्यम से देश भर में 15 लाख निर्वाचित महिला नेता हैं। राजीव गांधी का सपना केवल आंशिक रूप से पूरा हुआ है। यह इस विधेयक के पारित होने के साथ पूरा हो जाएगा।

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस विधेयक का समर्थन करती है। विधेयक के पारित होने को लेकर हम खुश हैं लेकिन हमें चिंता भी है। मैं एक सवाल पूछना चाहती हूं कि भारतीय महिलाएं पिछले 13 साल से अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों का इंतजार कर रही हैं। अब उन्हें कुछ साल और इंतजार करने को कहा जा रहा है। कितने साल? क्या भारतीय महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार उचित है? कांग्रेस की मांग है कि बिल को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए लेकिन जाति जनगणना भी कराई जाए और आरक्षण की व्यवस्था की जाए।

Chhattisgarh