सीएम मान ने 272 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- रिश्वत और सिफारिशों से नौकरी लगने का दौर खत्म
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ सेक्टर 35 स्थित नगर निगम भवन में सहकारिता विभाग के नवनियुक्त 272 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम मान ने नव नियुक्त उम्मीदवारों को बधाई दी।
इस दौरान सीएम मान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कानूनी अड़चनों को दूर करने के बाद ही आज हम नौकरी दे रहे हैं। सीएम मान ने कहा कि वह नौकरियां देने में एक मिनट भी खराब नहीं करना चाहते। क्योंकि पंजाब में नौकरियां देने का सिलसिला पिछली सरकारों ने पहले ही 72 साल लेट कर दिया है।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि अब रिश्वत और सिफारिशों से नौकरी लगने का दौर खत्म हो गया। अब जो भी नौकरी में आएगा वह अपनी मेहनत और ईमानदारी से आएगा। सीएम मान ने कहा कि मुझे काफी खुशी है कि इनमें 181 लड़के हैं, जबकि 91 बेटियां है, जो पढ़ाई में हमेशा आगे रही हैं। हम चाहते हैं कि हमारी बेटियां पढ़ें क्योंकि उनके पढ़ने से दो पीढियां शिक्षित होती हैं।
सीएम मान ने कहा कि अब तक 37 हजार नौकरियां दी जा चुकी है। जब वोट बेचकर सरकार चुनी जाती थी तो नौकरियां बिकती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। सीएम ने कहा कि युवाओं को आईएएस पीसीएस की कोचिंग देने के लिए यूपीएससी कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे। इस दौरान सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
