Mar 16 2026 / 2:55 PM

अयोध्या: पीएम मोदी बोले- रामलला को ही नहीं 4 करोड़ गरीबों को भी मिला पक्का घर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रामनगरी को 15,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। यहां पर पीएम मोदी ने देश भर के विभिन्न स्टेशनों से संचालित छह वंदे भारत और दो अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इससे पहले अयोध्या में पीएम मोदी 15 किमी लंबे रोड शो में शामिल हुए। पीएम मोदी ने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज का भारत अपने तीर्थों को भी संवार रहा है, वहीं डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी छाया हुआ है।

पीएम मोदी ने कहा, आज देश में सिर्फ केदार धाम का पुनरुद्धार ही नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की 2 लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई गई हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि देश के सभी तीर्थ क्षेत्रों से और मंदिरों से मेरा आग्रह है कि भव्य राम मंदिर के निर्माण के निमित्त, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन से पूरे देश के सभी तीर्थ स्थलों पर स्वच्छता का बहुत बड़ा अभियान चलाना है। हर मंदिर में सफाई का अभियान हमें 14 जनवरी से 22 जनवरी तक चलाना है।

पीएम मोदी ने कहा कि त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि जी के नाम पर अयोध्या धाम एयरपोर्ट का नाम, इस एयरपोर्ट में आने वाले हर यात्री को धन्य करेगा। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण वो ज्ञान मार्ग है, जो हमें प्रभु श्रीराम से जोड़ती है।

आधुनिक भारत में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या धाम, हमें दिव्य-भव्य-नव्य राम मंदिर से जोड़ेगा। अभी अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की क्षमता 10-15 हजार लोगों की सेवा करने की है। स्टेशन का पूरा विकास होने के बाद अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर हर रोज 60 हजार लोग आ-जा सकेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, देश के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। 1943 में आज के ही दिन नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने अंडमान में झंडा फहरा कर भारत की आजादी का जयघोष किया था। आजादी के आंदोलन से जुड़े ऐसे पावन दिवस पर हम आजादी के अमृतकाल के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

Chhattisgarh