Mar 16 2026 / 9:08 PM

ईडी की शिकायत पर कोर्ट ने सीएम केजरीवाल को भेजा समन, 17 फरवरी को होना होगा पेश

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय की शिकायत पर दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल को समन जारी किया है। उन्हें 17 फरवरी को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से दिल्ली के सीएम केजरीवाल को अब तक 5 समन जारी किए गए हैं लेकिन उन्होंने अब तक पूछताछ के लिए सहमति नहीं जताई है। 2 फरवरी को पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए, यह पांचवीं बार है जब वह ईडी के समन का जवाब देने में विफल रहे।

इससे पहले उन्होंने 18 जनवरी, 3 जनवरी, 2 नवंबर और 22 दिसंबर को जारी किए गए चार समन को अवैध और राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया था।

दिल्ली शराब घोटाला मामले में 5 समन के बावजूद दिल्ली सीएम केजरीवाल के पेश न होने के खिलाफ ईडी द्वारा राऊज एवेन्यू कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। इसी मामले में बुधवार को कोर्ट ने फैसला सुनाया है। दिल्ली सीएम केजरीवाल को कोर्ट ने आगामी 17 फरवरी को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।

राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को भेजे गए नोटिस पर आप का बयान सामने आ गया है। पार्टी ने कहा है कि हम कोर्ट के ऑर्डर का अध्यन कर रहे हैं। इसके बाद हम कानून के मुताबिक कदम उठायेंगे। पार्टी ने कहा है कि हम कोर्ट को बताएंगे कैसे ईडी के सभी समन अवैध थे।

Chhattisgarh