पीएम मोदी ने हरियाणा के रेवाड़ी में रखी AIIMS की आधारशिला, कहा- अबकी बार एनडीए 400 पार
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को हरियाणा के रेवाड़ी पहुंचे। पीएम मोदी ने रेवाड़ी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की आधारशिला रखी और 9,750 करोड़ रुपये से ज्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं शहरी परिवहन, स्वास्थ्य, रेल और पर्यटन क्षेत्र की हैं।
इन परियाजनाओं में से एक गुरूग्राम मेट्रो रेल भी है जिस पर लगभग 5,450 करोड़ रुपये की लागत आएगी। साढ़े 28 किलोमीटर लम्बाई की मेट्रो रेल लाइन मिलेनियम सिटी सेंटर से उद्योग विहार फेस-5 को जोड़ेगी। रेवाड़ी में एम्स 203 एकड़ में निर्मित होना है और इस पर 1,650 रुपये की लागत आएगी। इसमें 720 बिस्तरों का अस्पताल, 100 सीट क्षमता का मेडिकल कॉलेज, 60 सीटों का नर्सिंग कॉलेज और 30 बिस्तरों के साथ आयुष ब्लॉक होगा।
पीएम मोदी ने इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जहां-जहां कांग्रेस सरकार है वहां कुशासन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता को हर चीज के लिए तरसाया है। उन्होंने खुद को गरीब का बेटा बताते हुए कहा कि, उनके खिलाफ रोज नई साजिश हो रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि, आज हर जगह मोदी की गारंटी की चर्चा है। किसानों को हमने गारंटी दी है। आज हरियाणा में तेज गति से विकास कर रहा है। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि, इस चुनाव एनडीए सरकार 400 पार पहुंचेगी। पीएम मोदी ने कहा कि, जम्मू कश्मीर में कांग्रेस ने 370 हटाने पर रोड़े अटकाए थे। कांग्रेस ने देश को लोगों से झूठ बोला उनके साथ धोखेबाजी की।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस नेता से स्टार्टअप नहीं संभल रहा है। कांग्रेस की निष्ठा एक परिवार के लिए है। उनका ट्रेक रिकॉर्ड घोटाले का है। कांग्रेसी एक परिवार के मोह में है। साथ ही पीएम मोदी ने, कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए बोला कि, कांग्रेस ने देश को नकार दिया है। कांग्रेस के पास कार्यकर्ता भी नहीं बचे हैं।
उन्होंने कहा, विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना बहुत जरूरी है। हरियाणा विकसित तभी होगा, जब यहां आधुनिक सड़कें बनेंगी। हरियाणा विकसित तभी होगा, जब यहां रेलवे का आधुनिक नेटवर्क होगा। हरियाणा विकसित तभी होगा, जब यहां बड़े और अच्छे अस्पताल होंगे।
पीएम मोदी ने कहा, देश की इच्छा थी कि दुनिया में भारत की साख बढ़े, वो हमने करके दिखाया। देश की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, आज पूरा देश भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन कर रहा है। कांग्रेस के लोग, जो भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि राम मंदिर बने, वो भी जय सिया राम करने लगे हैं।
