Mar 16 2026 / 10:50 PM

यूपी में रद्द हुई पुलिस भर्ती परीक्षा, सीएम योगी ने दिए 6 महीने में दोबारा परीक्षा कराने के आदेश

लखनऊ। योगी सरकार ने पेपर लीक होने के बाद यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। 6 महीने में दोबारा परीक्षा होगी। सरकार ने इसकी जांच एसटीएफ को सौंपी है। इसके साथ ही, पुलिस भर्ती परीक्षा में एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 को निरस्त कर दिया। सीएम योगी ने कहा कि 6 माह के भीतर ही पूर्ण शुचिता के साथ इस परीक्षा को दोबारा आयोजित किया जाएगा। साथ ही सीएम योगी ने परीक्षा में धांधली करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि, परीक्षा की गोपनीयता को भंग करने वाले एसटीएफ की रडार में हैं और अब तक कई बड़ी गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।

सीएम योगी ने इसको लेकर एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि यूपी पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर चयन के लिए आयोजित परीक्षा-2023 को रद्द करने तथा आगामी 06 माह के अंदर ही पुन: परीक्षा कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने आगे लिखा कि परीक्षाओं की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। युवाओं की मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें कि हजारों परीक्षार्थी लखनऊ आकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। ये सभी यूपी पुलिस की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने का आरोप लगाकर परीक्षा को रद्द करने और दोबारा कराने की मांग पर अड़े थे। पिछले कई दिनों से अभ्यर्थी लगातार अपनी मांग उठा रहे थे।

Chhattisgarh