Mar 16 2026 / 10:55 PM

सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का 94 साल की उम्र में निधन

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर रहमान बर्क का मंगलवार को निधन हो गया। बता दें कि वो 93 साल के थे। शफीकुर्रहमान बर्क काफी समय से बीमार चल रहे थे और इस महीने की शुरुआत में स्वास्थ्य खराब होने की वजह से उनको मुरादाबाद स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उनको बचाया नहीं जा सका।

समाजवादी पार्टी ने बर्क के निधन पर शोक जताया है। समाजवादी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया साइट से लिखा गया कि सपा के वरिष्ठ नेता, कई बार के सांसद जनाब शफीकुर्रहमान बर्क साहब का इंतकाल, अत्यंत दु:खद। उनकी आत्मा को भगवान शांति दें। शोकाकुल परिजनों को ये असीम दु:ख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि !

बता दें कि पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उनसे मिलने अस्तपाल पहुंचे थे। यही नहीं सपा ने उनको लोकसभा चुनाव के लिए से संभल सीट से उम्मीदवार भी बनाया था। डॉ. बर्क तीन बार मुरादाबाद लोकसभा और दूसरी बार संभल लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। वह संभल विधानसभा सीट से चार बार विधायक भी रहे और एक बार प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। डॉ. बर्क सबसे उम्रदराज सांसद होने के साथ ही अब सबसे उम्रदराज प्रत्याशी भी बन गए थे।

डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने 1967 से राजनीति की शुरुआत संभल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर की थी, लेकिन चुनाव हार गए थे। दो वर्ष बाद 1969 में हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह 1974 में पहली बार विधायक बनें। इसके बाद वह चार बार विधायक चुने गए। 1996 में पहली बार मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद बनें।

इसके बाद वह लगातार पांचवीं बार सांसद रहे। इस बार भी सपा ने बर्क पर ही भरोसा जताया था। वह अपने बयानों को लेकर देशभर में चर्चा में रहे। नए संसद भवन में प्रवेश के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उम्रदराज होने के नाते उनकी प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि 93 साल की उम्र होते हुए भी डॉ बर्क इस सदन में बैठे हैं। सदन के प्रति ऐसी निष्ठा सभी की होनी चाहिए।

Chhattisgarh