Mar 17 2026 / 12:18 AM

गौतम गंभीर के बाद जयंत सिन्हा ने भी चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान, बताई ये वजह

नई दिल्ली। गौतम गंभीर के बाद अब झारखंड के हजारीबाग से बीजेपी सांसद जयंत सिन्हा ने लोकसभा चुनाव लड़ने से किया इनकार कर दिया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उन्हें सभी चुनावी कर्तव्यों से मुक्त करने का आग्रह किया है। इससे पहले आज सुबह पूर्वी दिल्ली के सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने आगामी लोकसभा चुनाव में चुनाव न लड़ने की इच्छा जाहिर की थी।

जयंत सिन्हा ने एक्स पर आने वाले लोकसभा चुनाव में अपने चुनाव न लड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने पोस्ट कर लिखा, मैंने माननीय पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से अनुरोध किया है कि मुझे प्रत्यक्ष चुनावी कर्तव्यों से मुक्त कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि मैं भारत और दुनिया भर में वैश्विक जलवायु परिवर्तन से निपटने पर काम करना चाहता हूं।

जयंत सिन्हा ने आगे स्पष्ट किया कि वह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे पिछले दस सालों से भारत और हजारीबाग लोकसभा सीट में लोगों की सेवा करने का सौभाग्य मिला है, जिसे में आगे भी करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं आर्थिक और शासन संबंधी मुद्दों पर पार्टी के साथ और उसके लिए काम करता रहूंगा। उन्होंने आगे पीएम मोदी का उन्हें देश की सेवा करने के लिए दिए गए मौकों का धन्यवाद दिया।

बता दें कि जयंत सिन्हा ने साल 2014 और 2019 में हजारीबाग संसदीय सीट से चुनाव में जीत हासिल की थी। उनके पिता यशवंत सिन्हा भी हजारीबाग के सांसद रह चुके हैं। यशवंत सिन्हा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री थे जबकि जयंत सिन्हा पिछली बार पीएम मोदी मंत्रिमंडल में शामिल थे।

इससे पहले पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से राजनीतिक जिम्मेदारियों से मुक्त करने का अनुरोध किया था। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा कि मैं भविष्य में क्रिकेट प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहता हूं। आगे अपनी पोस्ट में उन्होंने दिल्ली की जनता की सेवा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद दिया।

Chhattisgarh