उद्योगपति नारायण मूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति बनी राज्यसभा सांसद, राष्ट्रपति ने किया मनोनित
नई दिल्ली। उद्योगपति नारायण मूर्ति की पत्नी और भारतीय शिक्षिका और लेखिका सुधा मूर्ति को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है, मुझे खुशी है कि भारत के राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति जी का राज्यसभा में नामांकन किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा सहित विविध क्षेत्रों में सुधा जी का योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायक रहा है। राज्यसभा में उनकी उपस्थिति हमारी नारी शक्ति का एक शक्तिशाली प्रमाण है, जो हमारे देश की नियति को आकार देने में महिलाओं की ताकत और क्षमता का उदाहरण है। उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना करता हूं।
बता दें कि सुधा मूर्ति एक लेखिका के साथ-साथ टीचर और समाज सेविका भी हैं। उन्हें कन्नड़ और अंग्रेजी साहित्य में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। सुधा इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनके सामाजिक कार्यों के लिए साल 2006 में उन्हें भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। इसके बाद पिछले साल यानी 2023 में उन्हें भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित किया गया।
सुधा मूर्ति की साल 1978 में नारायण मूर्ति से शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनका नाम अक्षता मूर्ति और रोहन मूर्ति है। अक्षता मूर्ति ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक की पत्नी हैं। वहीं, रोहन मूर्ति अमेरिकी सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट फर्म सोरोको के फाउंडर हैं।
