10 नई वंदे भारत ट्रेनों को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, बोले- रेलवे का कायाकल्प भी विकसित भारत की गारंटी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कुल 10 नई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। जिसके बाद वंदे भारत की कुल संख्या 50 से अधिक हो गई है। ये सभी वंदे भारत देशभर में कुल 45 रुटों को कवर करती है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि रेलवे का विकास हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश को यह गारंटी दे रहा हूं कि अगले पांच साल में आप भारतीय रेल का ऐसा कायाकल्प होते देखेंगे, जिसकि आपने कल्पना भी नहीं की होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि 10 साल का काम अभी तो ट्रेलर है, मुझे तो और आगे जाना है। उन्होंने कहा कि रेलवे का कायाकल्प भी विकसित भारत की गारंटी है। आज रेलवे में अभूतपूर्व गति से नए रिफॉर्म्स हो रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए हो रहे नव निर्माण का लगातार विस्तार हो रहा है। पीएम ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों का नेटवर्क अब देश के 250 से अधिक जिलों तक पहुंच चुका है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2024 में अब तक 11 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो चुका है। आज रेलवे के 85,000 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है। पीएम ने कहा कि रेलवे का विकास हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
पीएम मोदी ने जिन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, उसमें शामिल है। अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल, सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम, मैसूर-डॉ एमजीआर सेंट्रल (चेन्नई), पटना-लखनऊ, न्यू जलपाईगुड़ी-पटना, पुरी-विशाखापत्तनम, लखनऊ-देहरादून, कालाबुरागी-सर एम, विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु, रांची-वाराणसी और खजुराहो- दिल्ली (निजामुद्दीन)।
बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में सबसे ज्यादा वंदे भारत एक्स्प्रेस का संचालन होगा। जिसमें 10 ट्रेनों की यात्रा राजधानी में समाप्त होगी। ये ट्रेनें दिल्ली से देहरादून, भोपाल, अयोध्या, अमृतसर और खजुराहो जैसे अनेक गंत्वयों को जोड़ेगी। इसके बाद छह समर्पित ट्रेनों के साथ आर्थिक राजधानी मुंबई का नंबर आता है। जिसमें अहमदाबाद और गांधीनगर के लिए सेवाएं भी शामिल है। चेन्नई में पांच ट्रेन है और मैसूर के लिए दूसरी वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत मंगलवार को होने वाली है।
