दिल्ली सरकार के मंत्री राजकुमार आनंद ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी बुरी तरह से घिरी हुई है। आप के दो शीर्ष नेता अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया इसी मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। इस बीच पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। दिल्ली सरकार में मंत्री राजकुमार आनंद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह केजरीवाल सरकार में समाज कल्याण मंत्री थे।
बता दें कि पिछले महीने राजकुमार आनंद के घर पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी हुई थी। वह पटेल नगर विधानसभा सीट से विधायक हैं। आनंद ने अपने इस्तीफे में कहा कि आज मेरा मन बहुत व्यथित है। आम आदमी पार्टी के ऊपर बहुत बड़ा आरोप लगा है। इसीलिए मैं आज इस पार्टी, सरकार और मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं।
