पीएम मोदी पहुंचे इजरायल, बेंजामिन नेतन्याहू ने किया स्वागत
नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर इजरायल पहुंच चुके हैं। तेल अवीव के एयरपोर्ट पर भारतीय पीएम के स्वागत के लिए खुद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू मौजूद रहे। नेतन्याहू ने गले लगाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। नेतन्याहू के साथ उनकी पत्नी सारा भी मोदी के वेलकम के लिए एयरपोर्ट पहुंचीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में एयरपोर्ट पर ही उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी आज ही इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वो भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, इजराइल पहुंच गया हूं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी के द्वारा हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत किए जाने से मैं अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं द्विपक्षीय चर्चाओं और भारत-इजरायल मित्रता को मजबूत करने वाले सार्थक परिणामों की आशा करता हूं।
वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी का विमान से उतरते हुए वीडियो एक्स पर शेयर किया और उसके साथ लिखा, मेरे प्यारे दोस्त नरेंद्र मोदी आपका इजरायल में स्वागत है।
पीएम मोदी इससे पहले 2017 में इजरायल गए थे। पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के संबंधों के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब मिडिल ईस्ट में तनाव बना हुआ है। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध की आशंका जताई है।
