केरलम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
नई दिल्ली। देश के 4 राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी ने आज आगामी केरलम विधानसभा चुनाव के लिए 47 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।
बीजेपी ने केरलम फतह करने के लिए अपनी पहली लिस्ट में बड़े चेहरों को मैदान में उतारा है। जारी लिस्ट के मुताबिक, मंजेश्वर विधानसभा सीट से के. सुरेंद्रन को टिकट दिया गया है। वहीं, कोझिकोड उत्तर सीट से पार्टी ने नव्या हरिदास को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांजीरापल्ली सीट से एडवोकेट जॉर्ज कुरियन चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी ने दो केंद्रीय मंत्रियों को भी राज्य के चुनाव मैदान में उतारा है, जिससे यह साफ है कि बीजेपी केरलम चुनाव को कितनी गंभीरता से ले रही है। पार्टी ने कझाकूटम विधानसभा सीट से केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन को मैदान में उतारा है।
वहीं, सबसे दिलचस्प मुकाबला नेमोम सीट पर देखने को मिलेगा, जहां से बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर चुनाव लड़ेंगे। इन बड़े नामों के ऐलान से केरलम में चुनावी मुकाबला काफी रोचक हो गया है। बीजेपी इस बार केरल में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी को उम्मीद है कि इन दिग्गज नेताओं के चुनाव लड़ने से संगठन में नया उत्साह भरेगा।
बता दें कि केरलम की 140 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होना है। वोटिंग 9 अप्रैल 2026 को होनी है। 4 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे।
