Apr 03 2026 / 12:23 PM

ईरान से जंग के बीच हटाए गए अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज

वॉशिंगटन। ईरान युद्ध के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को ‘जबरन रिटायर’ कर दिया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने देश के आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज से पद छोड़ने को कहा है। इसके साथ ही जॉर्ज को तुरंत इस्तीफा देने को कहा है। हेगसेथ ने आर्मी चीफ ऑफ स्टाफ को बदलने का फैसला ऐसे समय में किया है, जब अमेरिका सेना ईरान के खिलाफ एक भीषण सैन्य अभियान में उलझी हुई है। उप प्रमुख जनरल क्रिस्टोफर ला नेवे कार्यवाहक सेना प्रमुख होंगे।

पेंटागन ने पुष्टि की है कि हेगसेथ ने सेना के शीर्ष अधिकारी को पद छोड़ने के लिए कहा है। जॉर्ज को पद छोड़ने के लिए कहने का कारण साफ नहीं है। जॉर्ज अगस्त 2023 में सेना प्रमुख बने थे। चार साल की ये जिम्मेदारी होती है। उनकी नौकरी को 1 साल बचा था।

इस फैसले का समय बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका ईरान के खिलाफ संभावित जमीनी सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिकों की मिडिल ईस्ट में तैनाती बढ़ाई जा रही है। ट्रंप पहले ही ईरान को ‘स्टोन एज’ में वापस भेजने और भीषण हमलों की चेतावनी दे चुके हैं।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस फैसले के पीछे क्या कारण है, हालांकि सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि डोनाल्ड ट्रंप की सेना से जुड़ी योजनाओं को लागू करने में जनरल रैंडी जॉर्ज की क्षमता को लेकर कुछ चिंताएं थीं। हेगसेथ एक ऐसे जनरल को सेना की कमान देना चाहते हैं जो राष्ट्रपति ट्रंप और उनके विजन के हिसाब से काम करे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि जनरल जॉर्ज और ट्रंप प्रशासन के बीच सेना के विजन को लेकर कोई मतभेद था या नहीं।

जनरल रैंडी जॉर्ज को जो बाइडेन ने 2023 में सेना प्रमुख नियुक्त किया था और सीनेट ने इसकी पुष्टि की थी। उनका सैन्य प्रमुख के रूप में कार्यकाल 2027 तक था। अमेरिकी सेना के उप प्रमुख जनरल क्रिस्टोफर लानेव को जनरल रैंडी जॉर्ज का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है। लानेव 2022 से 2023 तक 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडिंग जनरल भी रह चुके हैं। अमेरिकी सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन पैराशूट हमले में विशेषज्ञता रखती है। वर्तमान में, डिवीजन की कमान मेजर जनरल ब्रैंडन टेग्टमेयर के पास है।

रैंडी की जगह अब जनरल क्रिस्टोफर लानेव संभालेंगे जो वर्तमान में वाइस चीफ ऑफ स्टाफ हैं और पहले हेगसेथ के सैन्य सहयोगी रह चुके हैं। उन्होंने 2022 से 2023 तक सेना के 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडिंग जनरल के रूप में काम किया था। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि लानेव दशकों के ऑपरेशनल अनुभव वाले युद्ध-अनुभवी नेता हैं। हेगसेथ को उन पर पूरा भरोसा है कि वे इस (ट्रंप) प्रशासन के विजन को बिना किसी चूक के पूरा करेंगे।

Chhattisgarh