Aug 08 2026 / 11:25 PM

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल का समर्थन करेगा अकाली दल

नई दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। एसएडी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले थे। इसके बाद बादल ने आज चंडीगढ़ में अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की जिसमें महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल के मुद्दे पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद सुखबीर बादल ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इस बाबत घोषणा की। वहीं केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने शिरोमणि अकाली दल के इस अहम फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमें महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए साथ आना होगा और एक निष्पक्ष व समान परिसीमन सुनिश्चित करना होगा, जिससे उन्हें बराबर प्रतिनिधित्व मिल सके।

सुखबीर बादल ने एक्स पोस्ट पर लिखा, शिरोमणि अकाली दल ने आज चंडीगढ़ में अपने वरिष्ठ नेताओं की बैठक में देश में महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करने की मांग की। शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है, जिन्होंने महिलाओं के सम्मान, समानता और समान अधिकारों की वकालत की थी।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपनी सभा में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था करके पहले ही एक मिसाल कायम की है। संसद के सामने मौजूद अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के बाद, शिरोमणि अकाली दल ने एक निष्पक्ष और न्यायपूर्ण परिसीमन (डिलिमिटेशन) की भी मांग की, जिससे सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व मिल सके।

शिरोमणि अकाली दल ने उस प्रस्ताव का समर्थन किया जिसे भारत सरकार ने सदन में पेश किया था, जिसमें सभी राज्यों की सीटों में एक समान 50 फीसदी की बढ़ोतरी की बात कही गई थी। पार्टी ने इस बात पर जोर दिया कि महिला आरक्षण और परिसीमन का काम तुरंत किया जाना चाहिए। वहीं एसएडी के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि हम चाहते हैं कि महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल इन दोनों को संसद से पास करके लागू किया जाना चाहिए।

Chhattisgarh