पीएम मोदी ने NGT Mobile App किया लॉन्च
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली में ‘पर्यावरण और जलवायु गतिशीलता का भविष्य’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) का मोबाइल ऐप लॉन्च किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और कार्बन उत्सर्जन को लेकर भारत की उपलब्धियों और पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सदियों से भारत ने प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े मामलों में दुनिया का मार्गदर्शन किया है और अब आधुनिक जलवायु चुनौतियों के समाधान के साथ सामूहिक वैश्विक कार्रवाई का आह्वान कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि सदियों से भारत ने प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े मामलों में दुनिया का मार्गदर्शन किया है। इसी वैचारिक प्रतिबद्धता और अपने सांस्कृतिक अनुभवों के आधार पर भारत अब जलवायु से जुड़ी आधुनिक चुनौतियों का समाधान पेश कर रहा है।उन्होंने कहा कि भारत इसके साथ ही पूरी दुनिया से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान भी कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण का यह सम्मेलन इसी मिशन को आगे बढ़ा रहा है।
पीएम ने भारत में सौर ऊर्जा के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि 12 साल पहले देश की सौर ऊर्जा क्षमता केवल 2 गीगावाट थी, जो आज 160 गीगावाट को पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सरकार ने घरों को सौर ऊर्जा उत्पादन केंद्रों में बदलने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक 50 लाख से अधिक घरों में छत पर सौर पैनल लगाए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संख्या कई देशों में मौजूद कुल घरों की संख्या से भी अधिक है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ऐसे प्रत्येक परिवार को करीब 80 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जी-20 में भारत एकमात्र ऐसा देश है, जिसने पेरिस समझौते के तहत तय प्रतिबद्धताओं को निर्धारित समय से काफी पहले पूरा कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गैर-जीवाश्म ईंधन, सौर ऊर्जा क्षमता और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे क्षेत्रों में भारत के प्रदर्शन की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। उन्होंने इसे नए भारत की शक्ति बताया।
