Sep 30 2026 / 6:46 PM

तटरक्षक बल ने समुद्र में पकड़ी 3000 करोड़ के ड्रग्स से भरी नाव, 5 पाकिस्तानी गिरफ्तार

नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने पाकिस्तान से बड़ी ड्रग्स तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। गुजरात एटीएस से मिली सूचना पर भारतीय तटरक्षक बल ने लक्षद्वीप के पश्चिम में एक संदिग्ध नाव को घेरा। इस नाव से 526 किलोग्राम ड्रग्स बरामद किया गया। जिसकी कीमत 3000 करोड़ रुपए के आसपास है। ये नाव ईरानी बताई जाती है, लेकिन गिरफ्तार किए गए 5 लोग पाकिस्तानी नागरिक हैं।

समुद्र के रास्ते पहले भी पाकिस्तान की ओर से ड्रग्स की खेप भारत पहुंचाने की कोशिश होती रही है। जानकारी के मुताबिक नाव से हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद की गई। गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल को संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने के बाद समुद्र में इस नाव की जोर-शोर से तलाश की जा रही थी।

नाव को भारतीय तटरक्षक बल मुंबई ले आया है। गिरफ्तार किए गए पांचों पाकिस्तानियों से पूछताछ कर पता किया जा रहा है कि भारत में उनको ड्रग्स की ये बड़ी खेप किसे सप्लाई करनी थी। ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप लाने की कोशिश से साफ है कि इसे सिर्फ भारत में ही नहीं खपाना था। संभव है कि दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों तक भी भारत के रास्ते ड्रग्स की सप्लाई की जानी थी।

बीते दिनों ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एलान किया था कि भारत में ड्रग्स की समस्या को हर हाल में 31 दिसंबर 2029 तक खत्म किया जाएगा। शाह ने इस संबंध में ड्रग्स का कारोबार रोकने का काम करने वाले अफसरों और विभागों को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।

बता दें कि भारत के कई राज्यों में युवा ड्रग्स के कारण बर्बाद हो रहे हैं। पंजाब, राजस्थान समेत पश्चिम के कई राज्यों में ड्रग्स तस्कर युवाओं को निशाना बनाते हैं। रेव पार्टियों में भी बड़े घरों के बच्चे ड्रग्स का सेवन करते कई बार पकड़े जा चुके हैं। ऐसे में ड्रग्स तस्करों की नकेल पूरी तरह कसने से ही इस समस्या से निजात पाई जा सकती है।

Chhattisgarh