Nov 15 2026 / 9:29 PM

तीन हफ्तों में तीसरे चक्रवात का खतरा, IMD ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली। अर्णब और मुरासु के बाद अब ‘अकवान’ नाम का नया चक्रवात बंगाल की खाड़ी में बन रहा है। मौसम विभाग ने अकवान चक्रवात के बारे में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 24 से 48 घंटे में ये अपना रूप ले सकता है। खबर लिखे जाने तक एक कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में मौजूद था। मौसम विभाग के मुताबिक 16 नवंबर की शाम तक ये सिस्टम गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलेगा और फिर चक्रवात का रूप लेगा। जिसे ईरान ने अकवान नाम दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के साथ बंगाल की खाड़ी के मध्य में अकवान चक्रवात बनने के आसार हैं। इस सिस्टम की वजह से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र अशांत होगा और तेज हवाएं चलेंगी। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अंदेशा है। 17 नवंबर से हवा की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और फिर 19 नवंबर तक इतनी ही रहने की संभावना है। शनिवार को कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के उपर था।

मौसम विभाग ने समुद्र के अशांत रहने के कारण मछुआरों को रविवार की शाम तक तट पर लौटने और अगले संदेश तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग लगातार कम दबाव के क्षेत्र पर सैटेलाइट और रडारों से नजर रख रहा है। इससे पहले 28 अक्टूबर को अर्णब नाम का चक्रवात आंध्र प्रदेश और ओडिशा से लगे इलाके में पहुंचा था। अर्णब चक्रवात के जमीन पर पहुंचने के दौरान हवा के झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे रही थी।

चक्रवात की वजह से आंध्र प्रदेश में 6 लोगों की जान गई थी। फिर 3 नवंबर की सुबह मुरासु नाम का चक्रवात दक्षिण आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास पहुंचा था। उस दौरान हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रही थी। अकवान चक्रवात के तमिलनाडु में पहुंचने के आसार हैं। जिसकी वजह से दक्षिण भारत के तमाम राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश और तूफानी हवाएं चलने का अंदेशा है।

Chhattisgarh