Nov 12 2025 / 4:48 AM

पंजाब में आप को लगा दोहरा झटका, सांसद सुशील रिंकू और विधायक शीतल अंगुराल बीजेपी में शामिल

नई दिल्ली। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बुधवार को दोहरा झटका लगा। पार्टी के इकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू बीजेपी में शामिल हो गए हैं। रिंकू को पार्टी जालंधर से टिकट दे चुकी थी। उनके साथ ही जालंधर वेस्ट से आप विधायक शीतल अंगुराल भी बीजेपी में शामिल हुए। इससे पहले शीतल अंगुराल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

बीजेपी में शामिल होने के बाद सुशील कुमार रिंकू ने बड़ी बात कही है, उन्होंने कहा कि, यह सच है कि मैंने जालंधर के लोगों से जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए क्योंकि मेरी पार्टी (आप) ने मेरा समर्थन नहीं किया। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और संघ की कार्यशैली से प्रभावित हूं।

सुशील कुमार रिंकू ने आगे कहा, मैंने जालंधर के विकास के लिए यह फैसला लिया है। हम जालंधर को आगे ले जाएंगे। हम केंद्र सरकार की सभी परियोजनाओं को जालंधर में लाएंगे।

बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ रही है और आप सांसद सुशील कुमार रिंकू पहले कांग्रेस में भी रह चुके हैं और उन्होंने जालंधर पश्चिम सीट से 2017 में विधानसभा चुनाव जीता था और 2023 में जालंधर सीट पर हुए उपचुनाव में आप ने उन्हें जालंधर से प्रत्याशी बनाया था और वह पिछले एक साल से इसी सीट से सांसद हैं।

शीतल अंगुराल जालंधर पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। अंगुराल ने दो साल पहले ही चुनावी राजनीति में हाथ आजमाया था और 2022 विधानसभा चुनाव में आप के टिकट से चुनाव लड़ने के बाद सुशील कुमार रिंकू को हराया था। सबसे बड़ी बात ये थी कि रिंकू हारने के बाद भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।

इससे पहले मंगलवार को लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने भी बीजेपी ज्वाइन कर लिया था। उन्होंने कहा था कि वह पंजाब और केंद्र के बीच के गैप को पाटना जरूरी है इसलिए वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं।

Chhattisgarh