पंजाब: सिद्धू के बाद कांग्रेस के एक और नेता ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर उथल-पुथल मच गई है। नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। सिद्धू के बाद संगठन में भी अफरातफरी देखी जा रही है। सिद्धू के बाद अब पंजाब कांग्रेस के कोषाध्यक्ष गुलजार इंदर चहल ने भी इस्तीफा दे दिया है। वहीं, दूसरी ओर पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह दिल्ली पहुँच गए हैं। अमरिंदर सिंह के बीजेपी में शामिल होने के कयास लगाये जा रहे हैं।
कुछ दिन पहले कांग्रेस में मची उथल-पुथल के बीच अमरिंदर सिंह ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को कांग्रेस ने सीएम बनाया था। आज नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। अचानक हुए इस बदलाव के बाद अब प्रदेश कोषाध्यक्ष ने भी इस्तीफा दे दिया है। हालाँकि इन दोनों नेताओं ने कांग्रेस नहीं छोड़ी है।
सिद्धू ने सोनिया गाँधी को इस्तीफा भेजते हुए पत्र भी लिखा कि आदमी के पतन की शुरुआत समझौते से होती है। मैं पंजाब के भविष्य और पंजाब के कल्याण के एजेंडे से कभी समझौता नहीं कर सकता। इसलिए मैं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देता हूं। मैं कांग्रेस की सेवा करना जारी रखूंगा।
