कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी बीजेपी में शामिल
नई दिल्ली। देश के पूर्व रक्षा मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने आज बीजेपी का दामन थाम लिया है। अनिल एंटनी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन, केरल बीजेपी अध्यक्ष के सुरेंद्रन की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है।
बीजेपी में शामिल होने के बाद अनिल एंटनी ने कहा कि कांग्रेस एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं।
अनिल एंटनी ने कहा कि ये मेरा विश्वास है कि धर्मो रक्षति रक्षा। कांग्रेस के कई नेता मानते हैं कि उनका धर्म एक परिवार की रक्षा करना है, मेरा मानना है कि मेरा धर्म राष्ट्र की रक्षा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के पास दुनिया के प्लेटफार्म पर भारत को मजबूत बनाने का विजन है।
बता दें कि इससे पहले अनिल एंटनी कांग्रेस केरल की सोशल मीडिया टीम के संजोयक थे। बीबीसी डॉक्यूमेंट्री मामले के बाद उन्होंने जनवरी के महीने में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।
