अमित शाह ने देश की पहली एलएनजी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
अहमदाबाद। एलएनजी से चलने वाली देश की पहली ट्रेन को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को साबरमती स्टेशन पर हरी झंडी दिखाई। अमित शाह ने इसके अलावा साबरमती डिवीजन में रेलवे के कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। एलएनजी यानी प्राकृतिक तरल गैस से चलने वाली ट्रेन दोहरे ईंधन प्रणाली वाली है। इसे जरूरत पर डीजल से भी चलाया जा सकता है। एलएनजी से चलाने पर डीजल की खपत में करीब 40 फीसदी कमी की उम्मीद है।
एलएनजी से ट्रेन का इंजन चलाने पर ईंधन की लागत कम होने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण भी होगा। इस ट्रेन से कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर का उत्सर्जन घटेगा। जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचेगा।
रेलवे ने साबरमती इंटिग्रेटेड कोचिंग डिपो की 1400 हॉर्स पावर क्षमता के दो रेल इंजनों को एलएनजी-डीजल वैरिएंट में बदला है। ये इंजन आठ डिब्बे वाली ट्रेन चलाने की क्षमता रखते हैं। एलएनजी के इस्तेमाल के कारण डीजल इस्तेमाल नहीं होगा और हर इंजन से हर साल करीब 11.9 लाख रुपए बचेंगे। दो इंजन सालाना 23.9 लाख रुपए बचाएंगे।
ये इंजन इस तरह डिजाइन किए गए हैं कि कहीं अगर एलएनजी न मिली, तो इनके टैंक में डीजल भरकर चलाया जा सकेगा। इससे लंबी दूरी तक भी ट्रेनों को ले जाना संभव होगा। रेलवे आने वाले वक्त में एलएनजी स्टोरेज की व्यवस्था कर बिना डीजल के ऐसे इंजनों वाली ट्रेनों को चला सकेगा। एलएनजी वाली ट्रेन के उद्घाटन के बाद अमित शाह ने कहा कि ये पहल पर्यावरण से संबंधित चिंताओं को दूर करेगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और सुरक्षा भी मजबूत होगी।
अमित शाह ने कहा कि वो पहले दिल्ली से यात्रा करते वक्त अक्सर साबरमती स्टेशन पर उतरते थे। उन्होंने एलएनजी वाली ट्रेन चलाने के लिए साबरमती रेलवे डिविजन और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बधाई दी और कहा कि जिन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन आज हुआ, उससे इलाके के रेल यात्रियों को बहुत फायदा मिलेगा।
