गुवाहाटी में बोले अमित शाह- भाजपा ने असम में की शांति स्थापित
गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज असम दौरे पर हैं। यहां पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विद्यार्थी परिषद के दिनों का पुराना किस्सा सुनाया है, जब उनकी पिटाई हुई थी।
अमित शाह ने कहा कि हम विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में जब असम आए थे, तब तत्कालीन हितेश्वर सैकिया सरकार ने बहुत पिटवाया था। शाह ने कहा कि हम नारे लगाते थे कि असम की गलियां सूनी है, इंदिरा गांधी खूनी है। उस समय कभी कल्पना नहीं की थी कि बीजेपी यहां पर अपने दम पर दो बार सरकार बनाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने आगे कहा कि 70 साल में कांग्रेस पार्टी ने पूर्वोत्तर को हिंसा और अराजकता की ओर धकेल दिया। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस को (2019 में) सत्ता में आने पर पूर्वोत्तर से अफस्पा हटाने का एजेंडा दिया, तो वह तुष्टिकरण के लिए था। जब मुझसे यह पूछा गया, तो मैंने कहा कि हम पहले पूर्वोत्तर में शांति लाएंगे और फिर अफस्पा को हटाएंगे लेकिन केवल तुष्टिकरण के लिए ऐसा नहीं करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि असम सरकार से पूर्वोत्तर राज्य को बाढ़ से बचाने के लिए एक दीर्घकालिक योजना तैयार करने को कहा है ताकि और अधिक विकास हो सके। उन्होंने आगे कहा, पहले असम की पहचान हिंसा, आतंकवाद और विरोध से होती थी। अब यह शांति, बुनियादी ढांचे और विकास के लिए जाना जाता है।
