Mar 15 2026 / 10:28 PM

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें कब वोटिंग, कब आएगा रिजल्ट

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित क्षेत्र के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्तों डॉ. विवेक जोशी और एसएस संधू के साथ पांचों राज्यों पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी और केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का एलान किया।

इसके साथ ही इन सभी जगह आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए और विपक्ष के इंडी गठबंधन के लिए इन पांचों जगह के विधानसभा चुनाव नतीजे दूरगामी प्रभाव वाले होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि असम में एक चरण में 9 अप्रैल गुरुवार को होगा। केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों पर भी 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। पुदुचेरी की 30 सीटों पर भी 9 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी। तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग होगी।

जबकि, पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों में से 152 पर 23 अप्रैल और 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी। इन चारों राज्यों और केंद्र शासित पुदुचेरी में 4 मई को वोटों की गिनती होगी। इन विधानसभा चुनावों के साथ छह राज्यों के विधानसभा उप चुनाव भी होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि शुद्ध वोटर लिस्ट बनाने के लिए संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत एसआईआर कराई जा रही है। उन्होंने एसआईआर के अहम काम से जुड़े सभी अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि चार राज्यों में करीब 17.4 करोड़ वोटर हैं। जबकि, सीटों की कुल संख्या 824 है।

उन्होंने कहा कि सभी वोटरों को आसानी से वोट डालने का मौका मिलेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने युवा वर्ग का आह्वान किया कि वे उत्साह से चारों राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्र पुदुचेरी में वोट डालें।

पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 तक है। वहीं, असम विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 20 मई को खत्म होगा। तमिलनाडु विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 मई को खत्म होगा। जबकि, पुदुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून 2026 और केरल विधानसभा का कार्यकाल मई में खत्म होगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में 294 सीटें हैं। यहां लंबे वक्त से टीएमसी का शासन है।

असम विधानसभा में 126 सीटें हैं। यहां बीते दो बार से बीजेपी की सरकार बनती रही है। तमिलनाडु विधानसभा में डीएमके नीत विपक्षी गठबंधन की पिछली बार सरकार बनी थी। तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीटें हैं। वहीं, पुदुचेरी में एनडीए की सरकार है। यहां 30 सीटों पर चुनाव होगा। जबकि, केरल में दो बार से वाममोर्चा सरकार बन रही है। केरल विधानसभा में 140 सीट हैं।

Chhattisgarh