Mar 17 2026 / 3:07 AM

मशहूर सिंगर अनुराधा पौडवाल बीजेपी में हुई शामिल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई है। बीजेपी में शामिल होने के मौके पर अनुराधा पौडवाल ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि मैं उस सरकार में शामिल हो रही हूं, जिसका सनातन धर्म से गहरा नाता है। यह मेरा सौभाग्‍य है कि मैं आज बीजेपी में शामिल हो रही हूं।

बता दें कि अनुराधा पौडवाल हिंदी सिनेमा की चर्चित गायिका हैं। फिल्मी दुनिया के बाद अब भजन गायिकी की दुनिया में उनका डंका बज रहा है। 27 अक्टूबर, 1954 को मुंबई में जन्मीं अनुराधा ने अपने गायन करियर की शुरूआत 1973 में आई अमिताभ बच्चन और जया प्रदा की फिल्म अभिमान से की थी।

आशिकी, दिल है कि मानता नही और बेटा फिल्म के लिए अनुराधा पौडवाल को फिल्मफेयर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। पांच दशकों से अधिक के करियर में अनुराधा पौडवाल ने गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मराठी, संस्कृत, बंगाली, तमिल, तेलुगु, उड़िया, असमिया, पंजाबी, भोजपुरी, नेपाली और मैथिली सहित कई भाषाओं में 9,000 से अधिक गाने और 1,500 से अधिक भजन रिकॉर्ड किए हैं।

भक्ति और फिल्‍मी गीतों की वजह से अनुराधा पौडवाल घर-घर में जानी और पहचानी जाती हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव में वह पार्टी के लिए स्‍टार प्रचारक साबित हो सकती हैं। राजनीतिक पार्टियां स्‍टार प्राचरकों की भूमिका को अच्‍छी तरह से समझती हैं। एजेंडे को मतदाताओं तक पहुंचाने में राजनीतिक दलों की भूमिका बेहद अहम होती है।

Chhattisgarh